महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने एक बार फिर अपनी तीखी बयानबाजी से सुर्खियां बटोरी हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम में, उन्होंने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए और दावा किया कि यदि उन्हें 48 घंटे का समय मिले, तो वह पूरा महाराष्ट्र साफ कर सकते हैं।
राज ठाकरे ने कहा कि राज्य में कानून का कोई डर नहीं रह गया है, और इसके लिए वह पुलिस को दोषी नहीं मानते। उन्होंने कहा कि पुलिस पर सरकार का दबाव होता है, और उनके पास लाठीचार्ज या परिस्थिति को नियंत्रित करने की पूरी आजादी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर एक बार महाराष्ट्र की सत्ता उनके हाथ में दी जाए, तो वह दिखाएंगे कि सरकार कैसे चलाई जाती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि कानून का असली डर पैदा किया जाए, तो कोई भी व्यक्ति किसी महिला की ओर बुरी नजर से देखने की हिम्मत नहीं करेगा। राज ठाकरे ने कहा कि उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा है, और अगर जनता 48 घंटे का समय दे, तो वह पूरा महाराष्ट्र साफ कर के दिखा देंगे।