पहाड़ों पर बारिश से मैदानी राज्यों में बाढ़ का संकट, कई जगह अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश का असर अब मैदानी राज्यों पर भी दिखने लगा है। दोनों राज्यों में लगातार बारिश और भूस्खलन से नदियां उफान पर हैं, जिससे पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद दिल्ली के निचले इलाकों में लोगों को सतर्क किया गया है।

भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को नया अलर्ट जारी करते हुए छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। वहीं दिल्ली और मुंबई में भी बादल बरसने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड में मद्महेश्वर को जोड़ने वाला पैदल मार्ग बणतोली के पास 40 मीटर ध्वस्त हो गया, जिससे 142 यात्री फंस गए थे। SDRF ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में भी 353 सड़कें भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं।

दिल्ली में रविवार को हुई झमाझम बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव और जाम की स्थिति रही। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मुंबई और आसपास के इलाकों रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे और कोल्हापुर में रेड अलर्ट जारी है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।

error: Content is protected !!