उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रुद्रप्रयाग और चमोली में पिछले 24 घंटों से निरंतर वर्षा हो रही है, जबकि उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, देहरादून समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बीते 48 घंटों से लगातार बर्फ गिर रही है। चकराता और औली में सबसे अधिक असर देखा गया है, जहां करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है। हरिद्वार में देर शाम ओलावृष्टि भी हुई।
लगातार बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुखी टॉप से आगे और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राना चट्टी से जानकी चट्टी तक अवरुद्ध है। खराब मौसम को देखते हुए पौड़ी, टिहरी, ऊधम सिंह नगर, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 2 फरवरी तक बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जबकि पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और बर्फीली ढलानों से दूर रहने की अपील की है। हालांकि लगातार दूसरी बार हुई बर्फबारी से पर्यटन को बढ़ावा मिला है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है।









