National

त्योहारों पर रेलवे का खास इंतजाम, नई तकनीक और सुविधाओं से होगी भीड़ पर कड़ी नजर

दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. इस बार पहली बार शकूरबस्ती स्टेशन से भी त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. साथ ही नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल से भी अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन होगा. रेलवे का मकसद भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों को बिना किसी असुविधा के यात्रा सुविधा देना है.

नई पहल के तहत शकूरबस्ती स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 7000 लोगों की क्षमता वाला स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जिसे तीन अलग-अलग जोनों में बांटा गया है—टिकट से पहले का जोन, टिकट के बाद का जोन और टिकटिंग ज़ोन. आनंद विहार स्टेशन पर भी दो अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं जिनका क्षेत्रफल क्रमशः 5000 और 8500 वर्ग फीट है.

टिकटिंग प्रक्रिया को और सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे ने मोबाइल अनरिजर्व टिकटिंग सिस्टम (M-UTS) की शुरुआत की है. यह एक मोबाइल टिकट काउंटर की तरह काम करेगा जिससे यात्रियों को लंबी लाइनों से राहत मिलेगी. नई दिल्ली स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर 21 यूटीएस काउंटर, 20 अतिरिक्त टिकट खिड़कियां और एक पूछताछ केंद्र स्थापित किया गया है. पहाड़गंज साइड पर 7 टिकट काउंटर और 25 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं. यात्रियों की मदद के लिए 40 विशेष रूप से प्रशिक्षित स्टाफ और 22 सहायक कर्मचारी टिकटिंग व्यवस्था को संभालेंगे. रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देना है.