National

रेलवे का यात्रियों को तोहफा: अब मिलेगी कंफर्म टिकट की तारीख बदलने की सुविधा

भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है. अब वे यात्री भी अपनी यात्रा की तारीख में बदलाव कर सकेंगे जिनके पास कंफर्म टिकट है. यह सुविधा उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी जिनका यात्रा प्लान अंतिम समय में बदल जाता है. अभी तक कंफर्म टिकट की तारीख बदलने की अनुमति नहीं थी, जिससे यात्रियों को कैंसिलेशन चार्ज के साथ अगली यात्रा के लिए नई टिकट बुक करनी पड़ती थी, वह भी कंफर्म होने की कोई गारंटी नहीं होती थी.

फिलहाल, यात्रा की तारीख से 48 से 12 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर किराए का 25% कटता है, और चार्ट बनने के बाद तो पूरा पैसा ही कट जाता है. लेकिन नए नियमों के तहत यह स्थिति बदल जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि जनवरी 2026 से यह नई पॉलिसी लागू की जाएगी, जिसमें यात्री अपनी कंफर्म टिकट की तारीख ऑनलाइन बदल सकेंगे.

हालांकि, नई तारीख की टिकट कंफर्म होगी या नहीं, यह उस दिन की सीट उपलब्धता पर निर्भर करेगा. साथ ही अगर नई तारीख के टिकट का किराया ज्यादा है तो यात्री को अंतर का भुगतान करना होगा. यह बदलाव यात्रियों को फ्लेक्सिबल ट्रैवल का विकल्प देगा और कैंसिलेशन के झंझट से काफी हद तक राहत मिलेगी. रेलवे की यह पहल डिजिटल सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.