रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेल मंत्रालय ने लेवल-1 के अंतर्गत आने वाले पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ओर से 11 श्रेणियों में लगभग 22 हजार रिक्त पदों को भरा जाएगा। यह भर्ती ट्रैक मेंटेनर, असिस्टेंट और अन्य तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों के लिए की जाएगी।
आरआरबी महेन्द्रू के चेयरमैन संजय कुमार के अनुसार, इस भर्ती का नोटिफिकेशन इसी महीने के अंत तक या जनवरी 2026 में जारी किया जा सकता है, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। पदों में सबसे अधिक 11 हजार रिक्तियां ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-4 की हैं। इसके अलावा ट्रैफिक बी प्वाइंट, असिस्टेंट (एस एंड टी), सी एंड डब्ल्यू, ऑपरेशन, लोको शेड, टीआरडी, पी-वे, ट्रैक मशीन और ब्रिज से जुड़े पद शामिल हैं।
वहीं, रेलवे ग्रुप-डी भर्ती को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही 60 हजार पदों की खबरों को फिलहाल फर्जी बताया जा रहा है, क्योंकि रेलवे की ओर से अभी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। ग्रुप-डी पदों के लिए योग्यता 10वीं पास और आयु सीमा 18 से 36 वर्ष निर्धारित है, जिसमें आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी लें।









