Lifestyle

26 दिसंबर से बदलेगा रेल किराया, जानिए किन ट्रेनों में बढ़ोतरी और किन पर नहीं पड़ेगा असर

भारतीय रेलवे ने 26 दिसंबर 2025 से लागू होने वाले यात्री ट्रेनों के किराए में बदलाव को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। रेलवे के अनुसार, यह बढ़ोतरी सीमित श्रेणियों और दूरी के आधार पर की गई है, जबकि कई टिकटों में कोई बदलाव नहीं होगा। रेलवे ने साफ किया है कि उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट और सभी प्रकार के सीजन टिकट—चाहे उपनगरीय हों या गैर-उपनगरीय—के किराए में कोई वृद्धि नहीं की गई है। हालांकि, आर्डिनरी (गैर-AC) ट्रेनों की सेकंड क्लास में 216 किमी से अधिक दूरी पर ₹5 से ₹20 तक की बढ़ोतरी की गई है। स्लीपर और फर्स्ट क्लास (आर्डिनरी) में 1 पैसा प्रति किमी की वृद्धि होगी।

मेल और एक्सप्रेस (गैर-AC) ट्रेनों की सेकंड, स्लीपर और फर्स्ट क्लास में 2 पैसा प्रति किमी की बढ़ोतरी की गई है। वहीं AC चेयर कार, AC 3 टियर, AC 2 टियर और AC फर्स्ट क्लास में भी 2 पैसा प्रति किमी किराया बढ़ेगा। यह बदलाव राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, तेजस, गरीब रथ और अन्य विशेष ट्रेनों पर भी लागू होगा। रेलवे ने बताया कि रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और GST में कोई बदलाव नहीं होगा। 26 दिसंबर से पहले जारी टिकट पुराने किराए पर ही मान्य रहेंगे।