Punjab

गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब में रेलवे धमाका, मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त, सुरक्षा अलर्ट जारी

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में गणतंत्र दिवस से सिर्फ दो दिन पहले शुक्रवार रात को फतेहगढ़ साहिब में रेलवे सुरक्षा को झटका देने वाली घटना हुई। देर रात करीब 11 बजे, सरहिंद क्षेत्र के खानपुर फाटक के पास डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर एक शक्तिशाली धमाका हुआ, जिसमें 12 फीट लंबी रेलवे पटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के समय एक मालगाड़ी ट्रैक पर गुजर रही थी, और धमाके की चपेट में आने से इंजन को गंभीर नुकसान पहुंचा। रेलवे सुरक्षा अधिकारी अनिल शर्मा को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तुरंत उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अगर कोई यात्री गाड़ी उस समय ट्रैक पर होती, तो परिणाम और भी गंभीर हो सकते थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने धमाके में RDX जैसे शक्तिशाली विस्फोटक के इस्तेमाल की संभावना पर गहनता से काम शुरू कर दिया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया है ताकि विस्फोटक की सही प्रकृति का पता लगाया जा सके। विस्फोट के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए तुरंत कदम उठाए गए हैं, ताकि मालगाड़ियों का संचालन जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। यह धमाका राज्य में सुरक्षा की चिंता बढ़ा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब देश गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त है।