Politics

राहुल गांधी का चुनाव सुधार पर बयान, वोट चोरी का आरोप; लोकसभा में हंगामा

संसद के शीतकालीन सत्र के सातवें दिन लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान ने हंगामा मचा दिया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी हो रही है और चुनाव आयोग पर पूरा नियंत्रण स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पास इसके पुख्ता सबूत हैं और चुनाव आयोग का इस्तेमाल भारतीय चुनावों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है।

राहुल ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए बताया कि वोटर लिस्ट में एक ब्राजीलियन महिला की फोटो 22 बार छपी है और बिहार में 1 लाख 22 हजार डुप्लीकेट फोटो पाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में भी वोट चोरी के मामले सामने आए हैं।

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि चुनाव आयुक्त के चयन में मुख्य न्यायाधीश को क्यों हटाया गया और प्रधानमंत्री व गृह मंत्री ही चुनाव आयुक्त क्यों चुनना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने RSS का जिक्र किया, जिससे सदन में हलचल मच गई। स्पीकर ओम बिरला ने राहुल से चुनाव सुधार पर बात रखने को कहा, वहीं किरेन रिजिजू ने उनका वक्त खराब करने का आरोप लगाया।