National

राहुल गांधी का भाजपा पर हमला, बोले-लद्दाख की आवाज़ दबाई जा रही है

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लद्दाख की हालिया हिंसा और सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि लद्दाख की अनोखी संस्कृति, परंपरा और लोगों पर सुनियोजित हमला किया जा रहा है. राहुल गांधी ने लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि वहां के लोगों की पहचान और अधिकारों की रक्षा जरूरी है.

राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया लेह में हुई हिंसा के बाद सामने आई, जिसमें सुरक्षा बलों की फायरिंग में चार युवकों की मौत हुई और कई घायल हो गए. हिंसा के बाद अब तक 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है. वहीं, लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को रासुका के तहत गिरफ्तार कर राजस्थान की जोधपुर जेल भेज दिया गया है.

‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राहुल ने कहा, “लद्दाख की आवाज़ को दबाया जा रहा है, युवाओं को मारा जा रहा है, और लोकतांत्रिक विरोध को कुचला जा रहा है. हत्या, हिंसा और धमकी देना बंद करो.” उधर, लेह में लगातार पांचवें दिन कर्फ्यू जारी है और उपराज्यपाल स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं. केंद्र सरकार से बातचीत के लिए बनी ‘लेह एपेक्स बॉडी’ द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान हिंसा भड़की थी. जनता अब न्याय और संवैधानिक सुरक्षा की मांग कर रही है.