भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में इतिहास रच दिया। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजेरफेल्ड को सीधे सेटों में 21-19, 21-18 से हराकर मात्र 43 मिनट में क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
यह जीत सिंधु के लिए बेहद खास रही क्योंकि यह उनके करियर की सिंगल्स में 500वीं जीत थी। इस उपलब्धि के साथ वह यह मुकाम हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन गईं। दुनिया में पीवी सिंधु अब उन छह महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने सिंगल्स में 500 या उससे अधिक मैच जीते हैं।
अब सिंधु का क्वार्टर फाइनल मुकाबला वर्ल्ड नंबर चार खिलाड़ी चीन की चेन यू फेई से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 13 मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें चेन यू फेई ने 7 और सिंधु ने 6 मैचों में जीत दर्ज की है। पीवी सिंधु की इस शानदार जीत ने न सिर्फ उनके करियर में नया रिकॉर्ड जोड़ा है, बल्कि भारतीय बैडमिंटन को भी वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है।









