चंडीगढ़ और मोहाली में बुधवार को व्यापक धरना प्रदर्शन चल रहा है। पंजाब यूनिवर्सिटी में पीयू बचाओ मोर्चा ने छात्रों के समर्थन में बंद का आह्वान किया है। वहीं सेक्टर-43बी में किसानों की महापंचायत जारी है। मोहाली में पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्र सरकार के विरोध में उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी धरने में शामिल हैं। बड़ी संख्या में युवा चंडीगढ़ की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने मोहाली-चंडीगढ़ सीमा, फेज-2 के पास प्रदर्शनकारियों को रोक दिया है।
धरने का मुख्य कारण पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव की घोषणा की मांग है। प्रदर्शन के समर्थन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मोहाली से चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर दी। जवानों ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका और कई को हिरासत में लिया।
पंजाब के अलग-अलग जिलों से युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता चंडीगढ़ में जुटे। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा। धरने में पंजाब सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई जा रही है। चंद्रभान चौहान समेत कई वरिष्ठ नेता धरने में मौजूद हैं। प्रशासन ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर निगरानी जारी है।


