Crime National

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आ रही है. जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट को एक ईमेल के जरिए धमकी दी गई, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. मौके पर बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीम पहुंची. कोर्ट परिसर में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है. वहीं, हाईकोर्ट जाने वाले रास्तों को फिलहाल बंद कर दिया गया है. साथ ही बार एसोसिएशन ने भी दोपहर 2 बजे तक अपना काम रोक दिया है.

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को गुरुवार को बम की धमकी वाला ई-मेल मिला, जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कोर्ट परिसर की तलाशी शुरू की. उन्होंने बताया कि कोर्ट परिसर के अधिकांश हिस्सों को खाली करा लिया गया है और फिलहाल आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. चंडीगढ़ पुलिस के एसडीपीओ (सेंट्रल) उदयपाल सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ऑफिस को एक ई-मेल भेजा गया था, जिसमें दावा किया गया था कि कॉम्प्लेक्स में एक आईईडी लगाया गया है.