पंजाब के तरनतारन में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब आम आदमी पार्टी के युवा सरपंच हरपिंदर सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात तरनतारन-बठिंडा नेशनल हाईवे स्थित सिद्धू फार्म हाउस में हुई, जहां सरपंच स्टेज पर डांस कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार हमलावरों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हरपिंदर सिंह को पेट और सिर में गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
12 दिन में तीन हत्याएं, कानून-व्यवस्था पर सवाल
राज्य में पिछले 12 दिनों के भीतर ‘आप’ के तीन नेताओं की हत्या हो चुकी है।
- 6 फरवरी: तरनतारन के चीमा खुर्द में सरपंच गुरभेज सिंह की हत्या।
- 6 फरवरी: जालंधर में आप नेता लक्की ओबरॉय की गोली मारकर हत्या।
- ताजा मामला: हरपिंदर सिंह की हत्या।
लगातार हो रही इन वारदातों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष ने Bhagwant Mann सरकार पर निशाना साधते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।









