भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पी.टी. उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे वे केरल के थिक्कोडी स्थित अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोनानी के मूल निवासी श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे और उन्होंने सीमा शुल्क (कस्टम्स) विभाग में अपनी सेवाएं दी थीं। वर्ष 1991 में पी.टी. उषा से विवाह के बाद वे उनके जीवन और करियर का अभिन्न हिस्सा बन गए। उषा के ऐतिहासिक खेल करियर, ‘उषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स’ की स्थापना और उनके राजनीतिक सफर में श्रीनिवासन को सबसे मजबूत सहारा और प्रेरक शक्ति माना जाता था। हालांकि वे हमेशा पर्दे के पीछे रहना पसंद करते थे, लेकिन खेल प्रशासन और खिलाड़ियों के कल्याण में उनकी गहरी रुचि थी। वे हर कदम पर उषा के साथ खड़े रहे और उनके निर्णयों में एक विश्वसनीय सलाहकार की भूमिका निभाई।
उनके निधन पर खेल और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। कई खिलाड़ियों, खेल संगठनों और नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दंपति का एक पुत्र है, जिसका नाम उज्ज्वल है। श्रीनिवासन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक स्थान पर किए जाने की संभावना है, जहां खेल जगत की कई हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकती हैं।









