किराए के मकान में देह व्यापार का भंडाफोड़, 11 महिलाएं रेस्क्यू, 7 गिरफ्तार

बीबीएन। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के गुल्लरवाला में पुलिस ने देह व्यापार के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 11 महिलाओं को रेस्क्यू किया और गिरोह से जुड़े 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गुल्लरवाला स्थित एक किराए की इमारत में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इस जानकारी के बाद एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में एसएचओ बद्दी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पुख्ता जानकारी के आधार पर शनिवार देर शाम छापेमारी की, जहां अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं।

छापेमारी के दौरान मौके से 11 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज किए जाएंगे और उन्हें शीघ्र ही उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

जांच के दौरान पुलिस को नकदी, दस्तावेज़ और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे बीबीएन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह था, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर बेनकाब किया गया है।

error: Content is protected !!