धर्मशाला में फिर शुरू होगा प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे, सीवरेज के लिए डीपीआर तैयार

कांगड़ा। नगर निगम धर्मशाला में प्रॉपर्टी टैक्स के लिए कंपनी द्वारा फिर से सर्वे शुरू किया जा रहा है। निगम की ओर से जिस कंपनी को सर्वे का कार्य दिया गया है, उस कंपनी ने बीच में सर्वे कार्य बंद कर दिया था, जिसे अब पुन: शुरू किया जा रहा है। साथ ही नगर निगम में शामिल आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज सुविधा हेतू डीपीआर तैयार की जा चुकी है, जिसके लिए फंड की दरकार है, सरकार की ओर से फंड मिलने पर ही मर्ज एरिया में सीवरेज सुविधा मिल पाएगी। नगर निगम का दावा है कि इस वर्ष हर हाल में प्रॉपर्टी सर्वे पूरा करके टैक्स दरें निर्धारित की जाएंगी। गौरतलब है कि जिस कंपनी को प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे का कार्य दिया गया है, वो कंपनी सोलन में भी प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे कर चुकी है।

सर्वे में आएगा एक करोड़ खर्च

जानकारी के अनुसार नगर निगम धर्मशाला के 17 वार्डों में प्रॉपर्टी सर्वे  के लिए कंपनी ने एक करोड़ रुपये खर्च आने की बात कही है, जिस पर निगम द्वारा कंपनी को 45 करोड़ रुपये के लगभग राशि उपलब्ध करवा दी गई है। निगम का कहना है कि शेष राशि का भुगतान कंपनी को सर्वे कार्य पूरा होने उपरांत किया जाएगा।

रिपोर्ट में नहीं था सीवरेज कम्पोनेंट

जब स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट धर्मशाला को मिला था, उस समय बनाई गई रिपोर्ट में मर्ज एरिया के लिए सीवरेज सुविधा के कम्पोनेंट को नहीं लिया गया था। इसमें लापरवाही बरती गई, जबकि मर्ज एरिया में सीवरेज जैसी सुविधा होना जरूरी है।

सीवरेज पर 140 करोड़ के खर्च का अनुमान

मर्ज एरिया को सीवरेज से जोडऩे पर 140 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है, जो कि नगर निगम के लिए खर्च करना मुश्किल है, जबकि नगर निगम की ओर से मर्ज एरिया को सीवरेज से जोडऩे के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है।

सीएम के समक्ष उठाया मसला

मर्ज एरिया को सीवरेज से जोडऩे के मसले को नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शहरी विकास विभाग के सचिव के समक्ष भी उठा चुका है। जैसे ही सरकार की ओर से नगर निगम को राशि उपलब्ध करवाई जाएगी, वैसे ही मर्ज एरिया में सीवरेज का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, ऐसा दावा नगर निगम की ओर से किया जा रहा है।

नगर निगम में प्रॉपर्टी सर्वे कर रही कंपनी ने बीच में काम बंद कर दिया था, जिसे कंपनी पुन: शुरू कर रही है। कंपनी ने इसके लिए एक करोड़ खर्च होने की बात कही है, जिसमें से सरकार की ओर से उपलब्ध 45 लाख रुपये की राशि कंपनी को दी गई है। मर्ज एरिया में सीवरेज के लिए 140 करोड़ खर्च आएगा, जिसकी डीपीआर तैयार कर ली है। मर्ज एरिया में सीवरेज का मामला सरकार के समक्ष उठाया है।

error: Content is protected !!