Delhi

दिल्ली में भव्य छठ पूजा की तैयारियाँ, पुष्प वर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

नई दिल्ली: इस साल दिल्ली में छठ पूजा को भव्य रूप से मनाने की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में त्योहार के लिए कई बड़े ऐलान किए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्षों से यमुना नदी पर छठ पूजा पर प्रतिबंध था, लेकिन इस बार सरकार ने यह प्रतिबंध हटा दिया है। अब यमुना के किनारे 17 आदर्श घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा, पूरे शहर में 1000 से अधिक घाटों पर पूजा के लिए टेंट, बिजली, स्वच्छता और शौचालय जैसी सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी।

व्रतियों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा और भोजपुरी व मैथिली सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि श्रद्धालु स्वच्छ जल में खड़े होकर पूजा-अर्चना कर सकें

सरकार ने यह भी घोषणा की कि 2021 में यमुना पर छठ पूजा के दौरान दर्ज एफआईआर को वापस लिया जाएगा। इसके साथ ही सभी सार्वजनिक सुरक्षा और स्वच्छता उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है, जिसमें सांसद, विधायक और पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों की सफाई की देखरेख करेंगे।