उत्तर प्रदेश के नोएडा में बन रहे जेवर (Noida International Airport) के भव्य उद्घाटन से पहले मौसम विभाग (IMD) ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। 31 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खराब मौसम और बारिश की संभावना जताई गई है। लेकिन प्रशासन ने किसी तरह की बाधा से बचने के लिए व्यापक इंतजाम कर दिए हैं। उद्घाटन स्थल पर 12 लाख स्क्वायर फीट में विशाल वॉटरप्रूफ टेंट लगाया गया है, जिसमें 2 लाख से अधिक लोगों के बैठने की सुविधा मौजूद है। VIP, मीडिया और आम जनता के लिए अलग-अलग सेक्टर तैयार किए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल को आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है, ताकि तेज बारिश या हवा का असर अंदर मौजूद लोगों पर न पड़े। इसके अलावा, जलभराव से बचने के लिए विशेष ड्रेनेज सिस्टम और आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीमें भी तैनात रहेंगी। बैकअप प्लान के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, क्योंकि उद्घाटन में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई VVIP शामिल होंगे।
पुलिस कमिश्नरेट ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया है। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है ताकि बारिश के बावजूद यातायात प्रभावित न हो। जिला अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और कार्यक्रम निर्धारित समय पर, पूरी भव्यता के साथ आयोजित होगा। 28 मार्च को होने वाले उद्घाटन पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, जहां बारिश की संभावना के बावजूद आयोजन की तैयारियां और मजबूत नजर आ रही हैं।









