समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव से तलाक लेने की घोषणा की। इस पोस्ट में प्रतीक ने अपर्णा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “स्वार्थी महिला” बताया और कहा कि उन्होंने उनके परिवार को बर्बाद कर दिया, जिससे उनकी मानसिक स्थिति खराब हो गई है। प्रतीक ने लिखा कि इस कठिन समय में भी उनकी पत्नी को उनकी कोई परवाह नहीं है और उन्होंने कहा, “Never seen such a bad soul।”
प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी काफी लंबी रही। दोनों परिवारों की सहमति से 2012 में शादी हुई थी, जिसमें राजनीति, फिल्म और उद्योग जगत के कई बड़े चेहरे शामिल हुए थे। अपर्णा ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पढ़ाई के बाद समाजवादी पार्टी की राजनीति शुरू की और 2017 में लखनऊ से विधानसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार गईं। बाद में उन्होंने 2022 में बीजेपी जॉइन की, हालांकि उन्हें विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिला। उन्हें 2024 में उत्तर प्रदेश महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अभी तक अपर्णा ने प्रतीक के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और प्रतीक ने भी लिखित बयान जारी नहीं किया है।









