National

मन की बात में पीएम मोदी का संदेश: वोटर बनना उत्सव बने, युवा ही देश की सबसे बड़ी ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 130वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। यह साल 2026 का पहला एपिसोड था। पीएम मोदी ने कहा कि 26 जनवरी को देश गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है, जो संविधान के लागू होने का ऐतिहासिक दिन है। यह अवसर हमें संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस बताते हुए कहा कि मतदाता लोकतंत्र की असली शक्ति होता है।

प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर पहली बार मतदाता बनने को एक उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए। जिस तरह जन्मदिन मनाया जाता है, उसी तरह नए वोटर का स्वागत पूरे समाज द्वारा किया जाए, ताकि मतदान के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना मजबूत हो।

पीएम मोदी ने युवाओं से अपील की कि वे समय पर मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मियों की भी सराहना की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया की यात्रा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 2016 में शुरू हुई यह पहल आज देश के युवाओं के नवाचार और साहस का प्रतीक बन चुकी है, जिसने भारत के भविष्य को नई दिशा दी है।