प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार में “राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड” का शुभारंभ करेंगे. इस मौके पर पीएम मोदी संस्था के बैंक खाते में 105 करोड़ रुपये की राशि भी ट्रांसफर करेंगे. इस योजना का मकसद जीविका से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को सस्ती ब्याज दर पर लोन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें महंगे माइक्रोफाइनेंस (18%–24% ब्याज) पर निर्भर न रहना पड़े. यह निधि एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित होगी, जिससे पैसे सीधे महिलाओं के बैंक खाते में ट्रांसफर होंगे.
जीविका से जुड़े सभी संकुल-स्तरीय संघ इस संस्था के सदस्य होंगे. केंद्र और बिहार सरकार दोनों मिलकर इस योजना के लिए फंड देंगे. इस योजना के तहत 12,000 सामुदायिक कार्यकर्ताओं को टैबलेट दिए जा रहे हैं ताकि डिजिटल सिस्टम को ज़मीन पर लागू किया जा सके. इस पहल से ग्रामीण महिलाओं के छोटे व्यापारों को मजबूती मिलेगी और गांवों में नए उद्यम भी बढ़ेंगे. बिहार के विभिन्न जिलों से करीब 20 लाख महिलाएं इस कार्यक्रम से जुड़ेंगी और इस ऐतिहासिक शुरुआत की गवाह बनेंगी. यह योजना महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.









