प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करने वाले हैं. यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब कल से देश में नई GST दरें लागू होने जा रही हैं. माना जा रहा है कि पीएम मोदी अपने संबोधन में कर दरों में बदलाव और इससे आम लोगों को होने वाले फायदे पर बात कर सकते हैं. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि प्रधानमंत्री किस विषय पर बोलेंगे, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, आर्थिक नीतियों, विदेशी व्यापार, और अमेरिका के नए H1B वीजा शुल्क जैसे मुद्दों पर भी बात हो सकती है. गौरतलब है कि अमेरिकी सरकार ने हाल ही में H1B वीजा के लिए भारी शुल्क बढ़ा दिया है, जिसका असर भारतीय प्रोफेशनल्स पर पड़ सकता है.
इसके अलावा, कल से नवरात्रि की शुरुआत भी हो रही है. ऐसे में यह भी संभव है कि पीएम मोदी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दें और इसके महत्व पर बात करें. अपने हालिया गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि “इस बार की नवरात्रि बेहद खास होने वाली है” और आत्मनिर्भर भारत की भावना को फिर से दोहराया था. इससे पहले पीएम मोदी ने 15 अगस्त और भारत-पाक तनाव जैसे अहम मौकों पर देश को संबोधित किया है. आज के संबोधन से बड़े ऐलानों की उम्मीद की जा रही है, जिससे आम जनता, व्यापारी वर्ग और युवा वर्ग को राहत मिल सकती है.









