Assam

 पीएम मोदी ने किया गुवाहाटी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन, असम के इंफ्रास्ट्रक्चर को मिली बड़ी मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी स्थित लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन कर दिया है। इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, केंद्रीय विमानन मंत्री राममोहन नायडू समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे। करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल की सालाना क्षमता 1.31 करोड़ (13.1 एमपीपीए) यात्रियों की है। यह टर्मिनल मौजूदा भवन से लगभग सात गुना बड़ा है और इसे प्रकृति-थीम पर डिजाइन किया गया है।

स्थानीय बांस के भव्य मेहराब, काजीरंगा से प्रेरित लैंडस्केप, और आधुनिक आर्किटेक्चर इसे खास बनाते हैं। यह देश का पहला ऐसा एयरपोर्ट है जहां पार्किंग एरिया में ही चेक-इन सुविधा उपलब्ध है। नई सुविधाओं में डिजीयात्रा, स्वचालित बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और एआई-संचालित ऑपरेशंस शामिल हैं। इसके साथ ही परियोजना में उन्नत रनवे, एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य के लिए कार्गो व एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) सुविधाओं की भी योजना है।

उद्घाटन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर नए टर्मिनल की तस्वीरें साझा करते हुए इसे असम के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बड़ा कदम बताया था। नया टर्मिनल गुवाहाटी को पूर्वोत्तर भारत का प्रमुख विमानन हब और दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।