प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 फरवरी 2026 को मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह उनका मलेशिया का तीसरा दौरा होगा और अगस्त 2024 में भारत–मलेशिया संबंधों को ‘समग्र रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद यह पहली यात्रा है। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ संवाद करेंगे और उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी के दौरे के साथ ही 10वां भारत–मलेशिया सीईओ फोरम भी आयोजित होगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान दोनों देश व्यापार और निवेश, रक्षा, सुरक्षा, समुद्री सहयोग, डिजिटल और वित्तीय प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और लोगों से लोगों के संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समग्र समीक्षा करेंगे। मलेशिया में लगभग 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दुनिया में भारतीय प्रवासियों का तीसरा सबसे बड़ा समुदाय है। इस दौरे से भारत–मलेशिया संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है और भविष्य में आपसी हितों के लिए सहयोग की दिशा तय होगी।









