पीएम मोदी बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए थाईलैंड के दौरे पर आज गुरुवार को बैंकॉक पहुंचे. यहां पीएम मोदी का गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के निमंत्रण पर, मैं आज थाईलैंड की आधिकारिक यात्रा पर और छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रस्थान कर रहा हूं.”
उन्होंने कहा, “पिछले दशक में, बिम्सटेक बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में क्षेत्रीय विकास, संपर्क और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है. अपनी भौगोलिक स्थिति के साथ, भारत का पूर्वोत्तर क्षेत्र बिम्सटेक के केंद्र में है.”
पीएम मोदी ने बिम्सटेक नेताओं के साथ बातचीत करने के लिए अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “मैं बिम्सटेक देशों के नेताओं से मिलने और हमारे लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए हमारे सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्पादक रूप से बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं.”









