ओडिशा के कोरापुट जिले की खास पहचान कोरापुट कॉफी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान खींचा है. अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने इस कॉफी की अनोखी खुशबू और स्वाद की तारीफ की और बताया कि यह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रही है. उन्होंने यह भी बताया कि कोरापुट कॉफी की खेती किसानों के लिए आर्थिक रूप से लाभदायक साबित हो रही है.
पीएम मोदी के अनुसार, कई लोग पहले कॉरपोरेट करियर में थे, लेकिन अपने पैशन के चलते उन्होंने कॉफी की खेती अपनाई और इसमें सफलता पाई. खासतौर पर महिलाओं के लिए यह खेती नई अवसर और सम्मान लेकर आई है. कॉफी के जरिए महिलाएं आज अपने जीवन में समृद्धि और आत्मनिर्भरता हासिल कर रही हैं.
कोरापुट कॉफी एक प्रीमियम अरेबिका कॉफी है, जिसमें चॉकलेट, फल और मसालों की मनमोहक खुशबू महसूस होती है. यह न केवल स्वाद में अद्वितीय है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है, क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट की उच्च मात्रा पाई जाती है. पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय कॉफी अब दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बना रही है, और कोरापुट कॉफी इसका बेहतरीन उदाहरण है. यह न केवल किसानों और महिलाओं के लिए आय का स्रोत है, बल्कि भारत की वैश्विक कॉफी पहचान को भी मजबूत कर रही है.








