Assam

असम दौरे पर पीएम मोदी, 47,600 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

असम में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने दो दिवसीय दौरे पर राज्य पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह असम में कुल 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। पिछले चार महीनों में यह प्रधानमंत्री का राज्य का चौथा दौरा है। प्रधानमंत्री आज कोकराझार पहुंचकर 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। यहां वह सड़क अवसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना ‘असम माला 3.0’ का भूमि पूजन करेंगे, जिसके तहत 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (BTC) क्षेत्र में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से चार फ्लाईओवर और दो पुल के निर्माण का भी शिलान्यास करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां लगभग 19,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और वहीं राजकीय अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन वह सिलचर में करीब 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और असम के लोग उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि राज्य में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है और भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का प्रयास कर रही है।