National

कनाडा के पीएम से मिले प्रधानमंत्री मोदी, व्यापार और तकनीकी सहयोग पर समझौते

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के दौरे पर हैं और सोमवार को उन्होंने राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में भेंट की। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर फोटो खिंचवाई और इसके बाद द्विपक्षीय बैठक में ऊर्जा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में समझौतों पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने कनाडा को भारत का करीबी मित्र बताया और कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में आई सकारात्मकता में प्रधानमंत्री कार्नी की भूमिका अहम है। कार्नी ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की तारीफ की। दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया। इसके अलावा, कनाडा डिफेंस डेवलपमेंट डायलॉग शुरू करने और कनाडाई विश्वविद्यालयों के भारत में कैंपस खोलने पर भी सहमति बनी।

मुंबई में दो दिन बिताने के बाद कार्नी नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने उद्योगपतियों से मुलाकात की। पीएम मोदी और कार्नी ने इस्राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और मध्य पूर्व की स्थिति पर भी विचार साझा किए। मोदी ने क्षेत्रीय तनाव पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत हमेशा संवाद और कूटनीति के माध्यम से समाधान की दिशा में काम करता रहेगा।