Assam National

पीएम मोदी ने असम में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला रखी, नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय असम दौरे पर हैं, जहां उन्होंने राज्य में कई बड़े विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी, जिसका कुल खर्च 6950 करोड़ रुपये होगा। यह 86 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विशेष रूप से वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। इसमें 35 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर, 21 किलोमीटर का बाईपास और एनएच-715 के 30 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण शामिल है।

परियोजना असम के नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगी और ऊपरी असम, खासकर डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया से क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाएगी। इससे जानवरों और मानव के बीच संघर्ष कम होगा, सड़क सुरक्षा सुधरेगी, यात्रा का समय घटेगा और बढ़ते यात्री एवं माल यातायात को सुगम बनाया जा सकेगा।

साथ ही, पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। परियोजना के तहत जाखलबंधा और बोकाखाट में बाईपास बनाए जाएंगे, जिससे शहरों में भीड़ कम होगी और स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में सुधार होगा। यह कदम पर्यावरण के प्रति जागरूक विकास और क्षेत्रीय संपर्क दोनों को सुदृढ़ करने का प्रयास है।