National

किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए PM मोदी ने लॉन्च की दो बड़ी योजनाएं, 35,440 करोड़ का निवेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में दो बड़ी कृषि योजनाओं का शुभारंभ किया. प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन, जिनका कुल परिव्यय 35,440 करोड़ रुपये है. यह शुभारंभ लोकनायक जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती पर किया गया, जिन्हें पीएम मोदी ने ग्रामीण भारत के सच्चे नायक बताया.

PM धन-धान्य योजना के तहत 24,000 करोड़ रुपये कृषि उत्पादकता, फसल विविधीकरण, सिंचाई, भंडारण और ऋण व्यवस्था को सुधारने पर खर्च किए जाएंगे. 100 जिलों का चयन तीन मानकों के आधार पर किया गया है. उत्पादन क्षमता, बहुफसली खेती और लोन सुविधा. यह योजना सरकार की 36 योजनाओं को एक साथ जोड़ने वाली है. दलहन आत्मनिर्भरता मिशन भारत को दालों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है.

मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने खेती को अपने हाल पर छोड़ दिया था, लेकिन 2014 के बाद कृषि सुधारों को प्राथमिकता दी गई. उन्होंने बताया कि 11 वर्षों में 10,000 से अधिक FPO बनाए गए हैं और आकांक्षी जिलों की अवधारणा से पिछड़े जिलों में बड़ा परिवर्तन आया है. सड़क, बिजली, टीकाकरण और शिक्षा तक पहुंच में क्रांतिकारी सुधार हुआ है. प्रधानमंत्री ने किसानों से संवाद की बात करते हुए कहा कि भारत अब केवल संतुष्टि से नहीं, सुधार की भूख से आगे बढ़ रहा है.