प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई पहलों की शुरुआत की. इसमें केंद्र प्रायोजित “पीएम-सेतु” योजना प्रमुख है, जिसके तहत 1,000 सरकारी आईटीआई को हब एंड स्पोक मॉडल में आधुनिक बनाया जाएगा. 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई मिलकर आधुनिक प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा, इनक्यूबेशन और प्लेसमेंट जैसी सुविधाएं देंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि यह पहल भारत में कौशल और श्रम को सम्मान देने का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जब तक हुनरमंद युवाओं को सामाजिक सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक वे खुद को पीछे महसूस करेंगे. इस योजना में उद्योग भागीदार इन क्लस्टर्स का प्रबंधन करेंगे और बाजार की मांग के अनुसार परिणाम-आधारित प्रशिक्षण सुनिश्चित करेंगे. परियोजना को विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक का भी समर्थन मिलेगा. पहले चरण में बिहार के पटना और दरभंगा में विशेष कार्यान्वयन होगा.
पीएम मोदी ने 400 नवोदय विद्यालयों और 200 एकलव्य मॉडल स्कूलों में 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया, जो आईटी, ऑटो, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगी. बिहार चुनाव से पहले, प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना और नई बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना भी लॉन्च की. इनसे युवाओं को मासिक भत्ता, कौशल प्रशिक्षण और ब्याज-मुक्त शिक्षा ऋण मिलेगा, जिससे शिक्षा और रोज़गार के रास्ते और सुलभ होंगे.









