National

पीएम मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन का उद्घाटन किया. इस तीन दिन चलने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को बढ़ावा देना है. इस कार्यक्रम में देश और विदेश के कई विशेषज्ञ, उद्योगपति और नीति निर्माता हिस्सा ले रहे हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया था कि पीएम मोदी बुधवार को सीईओ राउंडटेबल में भी शामिल होंगे, जहां वह दिग्गज कंपनियों के प्रमुखों से बातचीत करेंगे.

सेमीकंडक्टर पर फोकस

सम्मेलन में सेमीकंडक्टर डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, उन्नत पैकेजिंग, एआई में इनोवेशन, निवेश के मौके, राज्य सरकारों की नीतियां और R&D जैसे विषयों पर चर्चा होगी.

बड़ी भागीदारी

इस कार्यक्रम में 20,750 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 48 देशों से आए 2500 से ज्यादा प्रतिनिधि भी शामिल हैं. भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे पहले यह सम्मेलन बेंगलुरु (2022), गांधीनगर (2023) और ग्रेटर नोएडा (2024) में हो चुका है.