प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर 12 प्रमुख भारतीय AI स्टार्टअप के साथ राउंडटेबल बैठक की और भारत को वैश्विक AI लीडर बनाने पर जोर दिया। इस बैठक का आयोजन अगले महीने होने वाले इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले किया गया। प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप्स से कहा कि वे ‘मेड इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड’ के सिद्धांत पर आधारित AI मॉडल विकसित करें, जो नैतिक, निष्पक्ष, पारदर्शी और डेटा प्राइवेसी के मानदंडों के अनुरूप हों।
बैठक में शामिल स्टार्टअप विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जैसे कि भारतीय भाषाओं के लिए फाउंडेशन मॉडल, मल्टीलिंगुअल LLM, स्पीच-टू-टेक्स्ट, टेक्स्ट-टू-ऑडियो/वीडियो, जेनरेटिव AI से 3D कंटेंट निर्माण, इंडस्ट्रीज में डेटा-ड्रिवन डिसीजन मेकिंग, हेल्थकेयर डायग्नोस्टिक्स और मेडिकल रिसर्च। स्टार्टअप्स ने भारत में AI इकोसिस्टम के तेजी से विकास और भविष्य की संभावनाओं की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा कि AI एंटरप्रेन्योर देश के भविष्य के को-आर्किटेक्ट हैं और उन्हें स्थानीय, स्वदेशी और क्षेत्रीय भाषाओं पर आधारित कंटेंट को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि भारत के AI मॉडल वैश्विक स्तर पर किफायती, समावेशी और नैतिक AI के उदाहरण बनें। बैठक में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, और स्टार्टअप्स जैसे अवतार, भारतजेन, फ्रैक्टल, गण, जेनलूप, ज्ञानी, इंटेलीहेल्थ, सर्वम, शोध AI, सोकेट AI, टेक महिंद्रा और जेनटेक के CEO और प्रतिनिधि उपस्थित थे।









