ग्रेटर नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (यूपीआईटीएस) का उद्घाटन करते हुए कहा कि जीएसटी में हुए हाल के सुधारों से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और आम लोगों पर टैक्स का बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि 12 लाख रुपये सालाना तक की इनकम टैक्स फ्री होगी और टैक्स रिफॉर्म से आम जनता को लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपए की बचत होगी।
प्रधानमंत्री ने जीएसटी रिफॉर्म को एक सतत प्रक्रिया बताया और कहा कि यह सुधार जारी रहेगा। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करके अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में सुधार किया गया था और इस साल सितंबर में इसमें और सुधार किए गए। मोदी ने कहा, “हम यहीं नहीं रुकेंगे, जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, जनता पर टैक्स का बोझ कम होता जाएगा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी सुधारों को देश की विकास गाथा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और भरोसा जताया कि आने वाले समय में ये सुधार देशवासियों की बचत और आर्थिक समृद्धि में योगदान देंगे।









