National

PM मोदी ने बांटे 61,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र, बोले रिफॉर्म एक्सप्रेस पर भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 61,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत कई देशों के साथ ट्रेड और मोबिलिटी एग्रीमेंट कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए नए वैश्विक अवसर खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल मीडिया, टेक्नोलॉजी और क्रिएटर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से एक ग्लोबल हब बनता जा रहा है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के साथ खुद को लगातार अपग्रेड करने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने नियुक्ति पत्रों को “नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर” बताते हुए कहा कि आज 61,000 से अधिक युवा अपने जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला अब एक मजबूत संस्थान बन चुका है, जिसके जरिए लाखों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिल चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि आज के कार्यक्रम में 8,000 से अधिक बेटियों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं और बीते 11 वर्षों में देश के वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी लगभग दोगुनी हुई है।उन्होंने कहा कि भारत “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है, जिसका लक्ष्य जीवन और कारोबार दोनों को आसान बनाना है और विकसित भारत के निर्माण को गति देना है।