प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच गए हैं। हवाईअड्डे पर उनका स्वागत ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। मस्कट में पीएम मोदी के स्वागत को लेकर भारतीय समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। होटल परिसर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की लंबी कतारें लगी रहीं। हाथों में तिरंगे और जुबान पर ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मस्कट पहुंचने के बाद अपने विचार साझा करते हुए लिखा कि ओमान भारत का पुराना मित्र है, जिसके साथ गहरे ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सहयोग के नए अवसर तलाशने और द्विपक्षीय साझेदारी को नई गति देने का अवसर है।
यह प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा का तीसरा और अंतिम चरण है। वे 17 और 18 दिसंबर को ओमान में रहेंगे। यह दौरा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। साथ ही वे ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया, जहां उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डाला। यह उनका इथियोपिया का पहला दौरा था, जहां प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने नेशनल पैलेस में उनका औपचारिक स्वागत किया।









