प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। सोमवार सुबह जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भी भारत पहुंचे और अहमदाबाद में पीएम मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने साबरमती रिवरफ्रंट में अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया और साथ में पतंग उड़ाई। इस महोत्सव में 50 देशों के 135 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें चिली, कोलंबिया और दक्षिण कोरिया के प्रतिभागी भी शामिल हैं। रात में एलईडी लाइट्स वाली पतंगें मुख्य आकर्षण रही।
यह महोत्सव अगले सात दिनों तक चलेगा। प्रधानमंत्री और जर्मन चांसलर साबरमती आश्रम भी पहुंचे और महात्मा गांधी को नमन किया। मर्ज ने गेस्ट बुक में लिखा कि गांधी के अहिंसा और स्वतंत्रता के आदर्श आज भी न्याय, संवाद और आशा को बढ़ावा देते हैं। दो दिन के भारत दौरे पर मर्ज पीएम मोदी के साथ व्यापार, तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और ग्रीन हाइड्रोजन पर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।









