World

पीएम मोदी ने इथियोपिया की संसद को किया संबोधित, कहा यह सम्मान देश के लिए गौरव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इथियोपिया दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया और देश को प्राप्त सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ के लिए आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव है। उन्होंने बताया कि वे इस सम्मान को पाने वाले पहले वैश्विक नेता बन गए हैं।

संसद में अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारत और इथियोपिया के ऐतिहासिक और मजबूत रिश्तों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शीत युद्ध के दौर से ही दोनों देशों में मित्रता है और शिक्षा, स्वास्थ्य व निर्माण क्षेत्रों में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पीएम मोदी ने इथियोपिया में भारतीय पेशेवरों की मेहनत और योगदान का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इथियोपिया में घर जैसा महसूस हो रहा है क्योंकि उनका गृह राज्य गुजरात भी ‘शेरों की भूमि’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ और इथियोपिया के राष्ट्रीय गान के बीच समानता का जिक्र करते हुए मित्रता और भाईचारे का संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि संसद और जनता की भूमिका लोकतंत्र की ताकत है और भारत की 140 करोड़ जनता की ओर से वे शुभकामनाएं लेकर आए हैं।