Delhi

दिल्ली में कल से पिंक टिकट की सुविधा खत्म, मुफ्त बस यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड अनिवार्य

दिल्ली में महिलाओं के लिए डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा अब नए नियम के तहत मिलेगी। पिंक टिकट व्यवस्था 31 अगस्त 2026 तक ही लागू रहेगी। इसके बाद यानी 1 सितंबर 2026 से महिलाओं के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा करना अनिवार्य होगा। अब तक महिला यात्री बस में पिंक टिकट लेकर बिना किराया दिए सफर कर सकती थीं। इस व्यवस्था को पहले भी दो बार आगे बढ़ाया जा चुका है। हालांकि, अब पुरानी टिकट व्यवस्था को समाप्त करने का फैसला किया गया है।

डीटीसी के ऑपरेशन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 1 सितंबर से पात्र महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए बस में अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड टैप करना होगा। जिन महिलाओं के पास वैध स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी और उन्हें अन्य यात्रियों की तरह निर्धारित किराया देना पड़ेगा। डीटीसी ने महिला यात्रियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द निर्धारित वितरण केंद्रों से अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर लें, ताकि नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें परेशानी न हो। नई व्यवस्था के लागू होने के बाद बसों में महिलाओं को पिंक टिकट जारी नहीं किया जाएगा। इसलिए मुफ्त बस यात्रा जारी रखने के लिए स्मार्ट कार्ड हासिल करना जरूरी होगा।