न्यूज़ फ्लिक्स भारत, हिमाचल। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में अवैध मस्जिद निर्माण को लेकर हुआ विवाद अब तूल पकड़ता नज़र आ रहा है. इसको लेकर मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने विधानसभा में बयान दिया था. जिसके बाद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी और अब आज गुरुवार को शिमला के चौड़ा मैदान और संजौली में हिंदु संगठनों के लोग प्रदर्शन के लिए पहुंचे हैं. यहां पर प्रदर्शनकारी अवैध मस्जिद को गिराने की मांग कर रहे हैं. उधर, संजौली में जहां पर मस्जिद बनी है, वहां आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
बता दें कि मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने विधानसभा के सत्र में बुधवार को बयान दिया था कि यह मस्जिद अवैध है. उन्होंने कहा था कि मंदिर मस्जिद की बात नहीं है, बात अवैध निर्माण की है. जानकारी के अनुसार, संजौली में बाजार के ठीक साथ में यह मस्जिद बनाई गई है. इसके दो मंजिलें अवैध है. ऐसे में इन्हें तोड़ने की मांग की जा रही है. बीते रविवार को यहां पर प्रदर्शन हुआ था और अब मामले ने तूल पकड़ा है. ऐसे में सरकार ने किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए संजौली में 5 किलोमीटर के दायरे में पुलिस बल की तैनाती की है.
वहीं, अब विवाद पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी बयान आया है. सीएम ने कहा कि किसी भी मंत्री ने गलत बयान नहीं दिया है. प्रदेश में सभी नागरिक एक समान हैं. प्रदेश में सभी धर्मों का सम्मान है और जो भी कानून अपने हाथ में लेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्री ने भी बयान दिया है, जो हिमाचल आएगा और जो यहां रह रहे हैं, सभी कानून से बंधे हैं. प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो और कानून न तोड़ने की इजाजत किसी को भी नहीं हैं.









