Himachal National Politics

समाज को बांटने वालों को जनता पहले ही नकार चुकी है: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद औऱ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गुरुवार को बिलासपुर के विजयपुर पहुंचे. यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पिता नारायण लाल नड्डा के 100वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शिरकत की. गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में आगामी समय में एक बार फिर एनडीए की ही सरकार बनेगी। जो लोग समाज को बांटने का कार्य करते हैं, उन्हें बिहार की जागरूक जनता पहले ही दुत्कार चुकी है।

उन्होंने कहा कि नारायण लाल नड्डा का जन्मस्थान भले ही हिमाचल प्रदेश का विजयपुर रहा हो, लेकिन उनकी कर्मभूमि बिहार रही है। एक शिक्षक, प्रोफेसर और कुलपति के रूप में उन्होंने समाज को संस्कार, संस्कृति और अनुशासन का मार्ग दिखाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नड्डा परिवार आज देश की राजनीति और समाज सेवा के शिखर पर है और इसमें बिहार की मिट्टी, वहां की संस्कृति और मूल्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने यह भी कहा कि नारायण लाल नड्डा के सभी बच्चे आज विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर आसीन हैं, जो उनके आदर्शों, सादगी और अनुशासन का प्रतिफल है। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, गणमान्य व्यक्ति और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!