National

बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पेंशन फंड ने जारी की NPS वात्सल्य स्कीम

पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने बच्चों की दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए NPS वात्सल्य योजना 2025 के दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. इस योजना का उद्देश्य यह है कि माता-पिता बहुत कम उम्र से ही अपने बच्चों के लिए व्यवस्थित बचत शुरू कर सकें और आने वाले समय में उन्हें एक मजबूत आर्थिक आधार मिल सके. इस स्कीम की घोषणा केंद्रीय बजट 2024-25 में की गई थी और इसे सितंबर 2024 में औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया.

यह योजना 18 वर्ष से कम आयु के सभी भारतीय बच्चों के लिए उपलब्ध है, जिसमें NRI और OCI बच्चे भी शामिल हैं. खाता बच्चे के नाम से खुलेगा, लेकिन उसके संचालन की जिम्मेदारी माता-पिता या कानूनी अभिभावक के पास रहेगी. निवेश का लाभ पूरी तरह बच्चे को ही मिलेगा. NPS वात्सल्य योजना में निवेश की शुरुआत मात्र ₹250 से की जा सकती है. यही न्यूनतम वार्षिक योगदान भी है, जबकि अधिकतम निवेश की कोई सीमा तय नहीं की गई है. माता-पिता के अलावा अन्य परिजन या शुभचिंतक भी उपहार स्वरूप बच्चे के खाते में राशि जमा कर सकते हैं, जिससे बचत को और मजबूत किया जा सके.

खाता खुलने के तीन साल बाद शिक्षा, चिकित्सा या किसी विशेष आवश्यकता के लिए जमा रकम का 25 प्रतिशत तक आंशिक रूप से निकाला जा सकता है. यह सुविधा बच्चे के 18 वर्ष का होने से पहले दो बार और 18 से 21 वर्ष की आयु के बीच दो बार उपलब्ध होगी. 18 साल पूरे होने पर नए सिरे से KYC प्रक्रिया अनिवार्य होगी. इसके बाद 21 वर्ष की उम्र तक खाताधारक योजना जारी रखने, इसे NPS Tier-I खाते में बदलने या योजना से बाहर निकलने का विकल्प चुन सकता है. यदि कुल राशि ₹8 लाख या उससे कम है, तो पूरी रकम एकमुश्त निकाली जा सकेगी.

सरकार इस योजना की जानकारी ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स और बैंक सखियों को भी जोड़ रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा परिवार बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ा सकें.