Entertainment

‘पेड्डी’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार आगाज़, पहले दिन 112 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई

राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर फिल्म ‘पेड्डी’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी शुरुआत की है। फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 112 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है, जबकि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका कलेक्शन 84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। दमदार ओपनिंग के साथ फिल्म ने साल की बड़ी रिलीज़ में अपनी जगह मजबूत कर ली है। निर्देशक बची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। वहीं, शिवराज कुमार, दिव्येंदु शर्मा और वमन ईरानी जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे पहलवान के संघर्ष पर आधारित है, जो अपने गांव की अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए कई चुनौतियों का सामना करता है।

फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह था और रिलीज के बाद भी इसकी चर्चा जारी है। राम चरण के दमदार अभिनय के साथ जाह्नवी कपूर के प्रदर्शन को भी सराहना मिल रही है। वहीं, सहायक कलाकारों की एक्टिंग ने भी कहानी को मजबूती प्रदान की है। हालांकि समीक्षकों और दर्शकों की राय मिश्रित रही है। IMDb पर फिल्म को फिलहाल 10 में से 6.4 की रेटिंग मिली है। जहां कई दर्शकों ने इसकी भव्यता, एक्शन और कलाकारों के प्रदर्शन की तारीफ की है, वहीं कुछ लोगों को इसकी कहानी उम्मीदों के मुताबिक प्रभावशाली नहीं लगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या ‘पेड्डी’ आने वाले दिनों में 500 करोड़ क्लब में जगह बना पाएगी या नहीं।