पटना के फुलवारीशरीफ प्लस टू विद्यालय ने छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अब हर कक्षा में सबसे अधिक अटेंडेंस वाले एक छात्र और एक छात्रा को 5-5 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। यह फैसला गुरुवार को हुई विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल विधायक श्याम रजक ने कहा कि स्कूल में छात्रों की उपस्थिति 70 प्रतिशत से भी कम है, जो चिंता का विषय है। इसी को देखते हुए बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने और स्कूल आने के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की जा रही है।
विधायक ने कहा कि जो छात्र नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रहे हैं, उनके अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने का अनुरोध किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल परिसर में बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट बनाने की घोषणा की गई है। कार्यक्रम में मौजूद नगर परिषद सभापति मो. आफताब आलम ने कहा कि स्कूल के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए नगर परिषद की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।









