National

उड़ान के दौरान टॉयलेट में बीड़ी पीते पकड़ा गया यात्री, गोवा उतरते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली से गोवा जा रही अकासा एयर की एक उड़ान में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। उड़ान के दौरान एक यात्री को विमान के टॉयलेट में बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया। क्रू मेंबर ने तुरंत स्थिति को संभाला और विमान के गोवा पहुंचते ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार को अकासा एयर की फ्लाइट QP1625 में हुई, जो दिल्ली से गोवा जा रही थी। एयरलाइन की शिकायत के अनुसार, उड़ान के बीच में क्रू मेंबर को टॉयलेट से धुएं की आशंका हुई। जांच करने पर पाया गया कि एक यात्री अंदर बीड़ी पी रहा था। उसके पास से लाइटर भी बरामद किया गया।

आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी आशीष के रूप में हुई है। विमानन नियमों के तहत उड़ान के दौरान धूम्रपान करना पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे विमान की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। फ्लाइट के गोवा पहुंचने के बाद क्रू ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए यात्री को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया। इसके बाद मोपा एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि उस पर भारतीय न्याय संहिता और विमानन सुरक्षा से जुड़े कानूनों के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विमान में धूम्रपान जैसी गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि यात्रियों और क्रू मेंबर की सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं अकासा एयर ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि क्रू ने सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया और मामले की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रही है।