Himachal Shimla

समय पर होंगे पंचायत चुनाव, नहीं होगा नई पंचायतों का गठन: अनिरुद्ध सिंह

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी नई पंचायत का गठन नहीं किया जा रहा है और चुनाव निर्धारित समय पर ही करवाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि सरकार पंचायत चुनावों के लिए नया रोस्टर लागू करने पर विचार कर रही है ताकि पूर्व में आई शिकायतों का समाधान हो सके।

अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि प्रदेश में आपदा से भारी नुकसान हुआ है और फिलहाल डिजास्टर एक्ट लागू है, बावजूद इसके पंचायती राज विभाग ने चुनावी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि नई पंचायतों के गठन को लेकर अब तक सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है और फिलहाल राज्य की आर्थिक स्थिति भी इसकी अनुमति नहीं देती।

मंत्री ने यह भी बताया कि वर्तमान रोस्टर को लेकर कुछ शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए विभाग नए रोस्टर पर पुनर्विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कैबिनेट की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अनिरुद्ध सिंह ने यह भी दोहराया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और पंचायती राज चुनाव समय पर संपन्न कराए जाएंगे।