National

नए साल पर PAK की नापाक हरकत, पुंछ सेक्टर में घुसा ड्रोन; सर्च ऑपरेशन जारी

जब देश और दुनिया नए साल के स्वागत में जुटी हुई थी, उसी दौरान जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ाने वाली घटना सामने आई। नियंत्रण रेखा के पास खाड़ी करमाड़ा क्षेत्र में एक संदिग्ध ड्रोन भारतीय सीमा में प्रवेश करता हुआ देखा गया, जिसके बाद सेना और पुलिस ने तुरंत इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह ड्रोन कुछ मिनटों तक भारतीय क्षेत्र के भीतर सक्रिय रहा और फिर ओझल हो गया। ड्रोन की मौजूदगी का पता चलते ही भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा एजेंसियां अब ड्रोन की संभावित उड़ान दिशा और उद्देश्य को लेकर तकनीकी जांच कर रही हैं।

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब प्रशासन पहले से ही सुरक्षा कारणों से सतर्क है। हाल ही में केंद्र शासित प्रदेश के कुछ हिस्सों में वीपीएन सेवाओं पर रोक लगाई गई थी, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों और भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके बावजूद सीमा के पास ड्रोन की गतिविधि सामने आना एजेंसियों के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।

गौरतलब है कि बीते 24 घंटों में यह दूसरी बार है जब सीमा क्षेत्र में ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली है। इससे पहले सांबा जिले के फूलपुर इलाके में भी ऐसा ही एक ड्रोन नजर आया था, जो कुछ देर तक भारतीय क्षेत्र में रहने के बाद वापस लौट गया था। उस मामले में तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई थी।

सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि पिछले वर्ष मई में हुए सैन्य अभियानों के बाद से सीमा पार से ड्रोन गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में नए साल के पहले ही दिन सामने आई इस घटना को हल्के में नहीं लिया जा रहा। फिलहाल पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।