पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया के दौरान करीब 58 लाख वोटरों के नाम हटाए गए हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, इसमें 24,16,852 मृतक, 12,20,038 लापता, 19,88,076 स्थानांतरित, 1,38,328 डुप्लीकेट और 57,604 अन्य श्रेणी के वोटरों के नाम शामिल हैं। अक्टूबर तक राज्य में कुल वोटरों की संख्या 7,66,37,529 थी।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में वोटरों के नाम कटे हैं। भवानीपुर में 44,787, नंदीग्राम में 10,599, चौरंगी में 74,553, जोड़ासांको में 72,400 और कोलकाता पोर्ट में 63,730 वोटरों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटाए गए। पहले चरण का विशेष गहन पुनरीक्षण 11 दिसंबर को पूरा हुआ था और दूसरा चरण 16 दिसंबर से शुरू हुआ। अब ड्राफ्ट रोल पर लोग 31 जनवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं, जिनके निपटान के बाद फरवरी में फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी।
SIR पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्त ने बताया कि 58 लाख से अधिक नाम हटाए जाने के बावजूद 1.35 करोड़ से ज्यादा लोगों के फॉर्म में विसंगतियां मिली हैं। हालांकि, इन फॉर्मों को फर्जी नहीं कहा जा सकता, क्योंकि इनमें केवल गलतियां हो सकती हैं। प्रत्येक फॉर्म की सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर फॉर्म भरने वाले को बुलाया जाएगा। राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर नई ड्राफ्ट लिस्ट देखी जा सकती है।









