उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बसंत पंचमी पर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना के अवसर पर त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार इस साल बसंत पंचमी के दौरान करीब 3.56 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगाने पहुंचे, जो महाकुंभ 2025 की संख्या को भी पीछे छोड़ गया।
माघ मेला 2026 में अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी में पुण्य स्नान कर चुके हैं। संगम के घाटों पर आस्था की इस विशाल लहर से सरकार और प्रशासन की व्यवस्था की दक्षता झलकती है। इस अवसर पर साधु-संतों और प्रमुख धर्माचार्यों ने भी संगम में स्नान किया। पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती अपने शिष्यों के साथ पहुंचे और पूरी सादगी व आस्था के साथ पुण्य स्नान किया। दंडी स्वामी, रामानंदी और रामानुजाचारी संतो सहित किन्नर अखाड़े के सदस्य भी श्रद्धा-भाव से संगम तट पहुंचे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वसंत पंचमी के पावन अवसर पर त्रिवेणी में पुण्य स्नान का सौभाग्य प्राप्त करने वाले सभी भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं।









